चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक विस्तार अभियान के तहत निशांत कुमार महतो को सोनुआ भाजपा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा गया. इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष केदारनाथ नायक ने निशांत कुमार महतो को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदारनाथ नायक ने नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूती मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में संगठन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
निशांत कुमार महतो ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, कर्मवीर सिंह और महामंत्री प्रदीप वर्मा को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए हर दायित्व का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करेंगे.
इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने नए मंडल अध्यक्ष का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. कार्यक्रम में विनय कुमार मेहता, मानस कुमार महतो समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Report By Jayant Pramanik

