आदित्यपुर: दीपावली के मौके पर रविवार को आदित्यपुर बाजार में खरीदारों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी. थाना रोड की स्थिति ऐसी रही कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया. इसी बीच बाजार में खरीदारी करने पहुंचे तीन-चार लोगों के मोबाइल फोन गायब होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह एक्शन में आ गए.


मोबाइल गायब होने की शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी ने ड्यूटी में मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई. इसके बाद उन्होंने खुद OD ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल ली और अन्य अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को बाजार और सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था में लगा दिया.
थाना रोड में वाहनों की एंट्री बंद
भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय रही. थाना रोड में वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया, ताकि बाजार पहुंचे लोगों को परेशानी न हो और भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके. पुलिसकर्मियों को बाजार के प्रमुख स्थानों पर तैनात कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बाजार आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है. उन्होंने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल फोन, पर्स और अन्य कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की.
माइकिंग से चेतावनी, बच्चों पर विशेष नजर
थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को लगातार माइकिंग कर लोगों को सतर्क करने का निर्देश दिया. छोटे बच्चों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया है. वहीं जिन लोगों के मोबाइल गायब हुए हैं, उनसे आवेदन लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि दीपावली के दौरान हर वर्ष आदित्यपुर बाजार और थाना रोड में भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और पर्स गायब करने वाले संदिग्ध लोगों की सक्रियता की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है.

