जमशेदपुर: दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस अलर्ट मोड में है. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है. संवेदनशील स्थानों से लेकर भीड़भाड़ वाले बाजार और प्रमुख मार्ग तक पुलिस की नजर है.


पुलिस की ओर से साकची, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा, टेल्को, बिष्टुपुर और कदमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाकर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. खासकर उन स्थानों की निगरानी बढ़ाई गई है, जहां दीपावली और लक्ष्मी पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही हो रही है.
बाजार से पूजा स्थलों तक विशेष निगरानी
दीपावली के दौरान बाजारों, मंदिरों, पूजा स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है. ड्रोन निगरानी के साथ पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी सड़कों पर सक्रिय है.
ड्रोन से निगरानी का उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते चिह्नित कर तत्काल कार्रवाई करना है. भीड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
अफवाह और शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने अथवा किसी तरह की असामाजिक गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने शहरवासियों से भी दीपावली और लक्ष्मी पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस को सूचना देने को कहा गया है.

