सरायकेला/ Pramod Singh श्री श्री महावीर अखाड़ा मजना घाट द्वारा आयोजित भव्य रामनवमी जुलूस का शुभारंभ शुक्रवार को धूमधाम के साथ किया गया. जुलूस का विधिवत उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन और राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव के हाथों किया गया. इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला.

जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अखाड़ा कमेटी के सदस्य तथा स्थानीय लोग जुलूस में शामिल हुए.
जुलूस में पारंपरिक हथियारों का प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां और ढोल- नगाड़ों की गूंज मुख्य आकर्षण का केंद्र रही.

इस मौके पर चंपई सोरेन ने कहा कि रामनवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और एकता का प्रतीक है. उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि रामनवमी हमें मर्यादा, धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है और समाज में एकता का संदेश देती है.

कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. प्रखंड विकास पदाधिकारी यस्मिता सिंह और सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पूरे जुलूस के दौरान विधि- व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए. अखाड़ा कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया.

