राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम आंधी-तूफान और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां सांदिरडीह गांव के गोंडामारा टोला में हुई इस घटना में 35 वर्षीय संजय देवगम की मौत हो गई, जबकि उनकी नौ वर्षीय बेटी मुस्कान देवगम और 60 वर्षीय पिता मिलु देवगम घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश से बचने के लिए संजय देवगम अपने पिता, बेटी और अन्य लोगों के साथ एक पुआल की झोपड़ी में बैठे हुए थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी के समीप आ गिरी. बिजली गिरते ही वहां अफरा- तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर- उधर भागने लगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली का सबसे ज्यादा असर संजय देवगम पर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए. उनकी बेटी मुस्कान और पिता मिलु देवगम भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए. झोपड़ी में मौजूद अन्य लोगों को भी झटका लगा, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल नहीं हुए.
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय देवगम को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी बेटी और पिता का इलाज जारी है.
संजय देवगम की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत शीघ्र मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
विशेषज्ञों ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उनका कहना है कि आंधी-तूफान और बिजली चमकने के समय पेड़ों, खेतों और अस्थायी झोपड़ियों में शरण लेने से बचना चाहिए तथा सुरक्षित भवनों में ही रहना चाहिए.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

