जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कैशबैक का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.


जानकारी के अनुसार जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बरियारपुर इलाके में साइबर अपराधी सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार के साथ एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बरियारपुर स्थित नदी पुल के पास छापेमारी कर साइबर अपराध करते हुए शाहाबुद्दीन अंसारी (32 वर्ष), निवासी बरियारपुर, थाना करमाटांड़ को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी Woohoo एप के माध्यम से लोगों को PhonePe पर 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का मैसेज भेजता था. इसके बाद ग्राहकों को कैशबैक स्वीकार (Accept) करने के लिए कहा जाता था. जैसे ही ग्राहक मैसेज को स्वीकार करता था, राशि आरोपी के Woohoo अकाउंट में ट्रांसफर हो जाती थी और पीड़ित ठगी का शिकार हो जाता था.
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 35/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कैशबैक ऑफर या संदिग्ध मैसेज पर बिना जांच किए क्लिक न करें. किसी भी तरह की साइबर ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

