सरायकेला: गम्हरिया थाना क्षेत्र में आर्मी जवान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.


प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को जगन्नाथपुर, गम्हरिया निवासी संतोष राय, जो भारतीय सेना में कार्यरत हैं, के लिखित आवेदन के आधार पर गम्हरिया थाना में कांड संख्या 51/26 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि अभिषेक कुमार गांधी और दिनेश रंजन राय उर्फ बाबू ने जान मारने की नीयत से लाठी-डंडे से हमला कर संतोष राय के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अनुसंधान और छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार गांधी (25 वर्ष), निवासी जगन्नाथपुर, गम्हरिया को गम्हरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया. वहीं दूसरे आरोपी दिनेश रंजन राय उर्फ बाबू (27 वर्ष), निवासी रामजनम नगर, कदमा को कदमा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita Mahato

