हजारीबाग: रामनवमी से पहले हिंसा की घटनाओं ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है. शनिवार शहर में जुलूस और झांकियां निकलनी हैं, लेकिन उससे पहले गदोखर इलाके में बड़ी वारदात सामने आई.

जानकारी के अनुसार जुलूस के दौरान मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया, जिसमें भुजाली से हमला कर राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक स्थानीय मुखिया के भाई बताए जा रहे हैं.
इसी बीच दीपूगढ़ा इलाके में भी चाकूबाजी की घटना सामने आई है. मुकेश कुमार सिंह पर आपसी रंजिश में चाकू से हमला किया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज भेजा गया है. घटनाओं के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. अनिल कुमार गुप्ता समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं पोस्टमार्टम में देरी और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदीप प्रसाद सदर अस्पताल गेट पर धरने पर बैठ गए, जिससे मामला और गरमा गया. प्रशासन ने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है और भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की बात कही है.

