सरायकेला: जिले के पुलिस महकमे में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. सूत्रों के अनुसार थानों, न्यायालयों और विभिन्न कोठियों में लंबे समय से पदस्थापित कांस्टेबलों का ट्रांसफर- पोस्टिंग कभी भी किया जा सकता है.

पुलिस मुख्यालय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पदभार संभालने के बाद ही प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संकेत दे दिए हैं. बताया जा रहा है कि स्थानांतरण सूची लगभग तैयार हो चुकी है और एसपी की अंतिम स्वीकृति मिलते ही अधिसूचना जारी कर दी जाएगी.
सूत्रों की मानें तो वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों को हटाकर नई तैनाती दी जाएगी, जिससे कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ सके. इस कदम को पुलिसिंग सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
इसके साथ ही जानकारी मिल रही है कि एसपी का अगला फोकस टाइगर मोबाइल ड्यूटी में लगे जवानों पर होगा. उनकी तैनाती और कार्यप्रणाली में भी बदलाव की योजना बनाई जा रही है, ताकि अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग को और मजबूत किया जा सके.
पुलिस विभाग के इस संभावित कदम से जहां एक ओर कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों में हलचल भी तेज हो गई है. अब सभी की नजरें आगामी अधिसूचना पर टिकी हैं.

