बोकारो: पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के बांधगोड़ा साइड स्थित रानी बांध के समीप शनिवार देर शाम NH-32 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला और उसके डेढ़ साल के नाती की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग घायल हो गए.


बताया जा रहा है कि घटियाली निवासी कनक मंडल अपनी बेटी, डेढ़ वर्षीय बीमार नाती देवाशीष मंडल और ढाई वर्षीय नातिन के साथ चास डॉक्टर को दिखाने आई थीं. डॉक्टर से दिखाने के बाद सभी ऑटो से घर लौट रहे थे. इसी दौरान रानी बांध के समीप एक बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ऑटो पलट गया. हादसे में चालक समेत ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को चास के मुस्कान अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कनक मंडल और उनके डेढ़ वर्षीय नाती देवाशीष मंडल को मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
एक ही परिवार के नानी और नाती की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

