सरायकेला: जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नतीजा सामने आया है. गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे सरायकेला- टाटा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास एक बारात सवार पिकअप वैन को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी.

बताया जा रहा है कि बारात चाईबासा से डिमना की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन का ड्राइवर विशाल तांती स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया.
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर तुरंत सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है.
हादसे में बारात में शामिल विजय खंडाइत भी घायल हुए हैं. हालांकि अन्य बारातियों के सुरक्षित बच जाने से बड़ा हादसा टल गया.
पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर वाहन की पहचान की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार हो रहे हादसों के बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है. ऐसे में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है.
Report by Pramod Singh

