जामताड़ा/रुपनारायणपुर: पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में मोमो व्यवसायी विक्की कुमार सिंह उर्फ विक्की की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है. पुलिस ने इस हत्याकांड में 63 वर्षीय गोरेलाल यादव को गिरफ्तार किया है. शनिवार को उसे आसनसोल अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में लेने की मांग की जाएगी.


गौरतलब है कि देशबंधु पार्क इलाके में विक्की मोमोवाला के नाम से चर्चित युवक की हत्या के मामले में पुलिस इससे पहले दीपक यादव (30) और सुरेंदर यादव (38) को गिरफ्तार कर चुकी है. 30 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया था, जहां अदालत ने उन्हें 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था. गोरेलाल यादव की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जोड़बाड़ी इलाके के एक युवक की पत्नी के साथ कथित अवैध संबंध को लेकर विक्की पर हमला किया गया था. इसी संदेह और आक्रोश में आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है. विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों ने हत्याकांड की कड़ी निंदा की है.
इधर, पुलिस-प्रशासन और राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा की ओर से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही गई है. स्थानीय विधायक अरिजीत रॉय ने भी हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. कानून-व्यवस्था बनाए रखना और दोषियों को सजा दिलाना जरूरी है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

