सरायकेला: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को पारदर्शी, सुचारू एवं जवाबदेह बनाने को लेकर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में खाद्यान्न वितरण, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, राशन डीलरों की टैगिंग एवं री-टैगिंग समेत विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.


बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन वितरण प्रणाली के तहत सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए. राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शिकायत मिलने पर जांच कर संबंधित राशन डीलरों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ई-केवाईसी और आधार सीडिंग में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त ने ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया. इसके लिए आवश्यकता के अनुसार पंचायत एवं ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याओं का समाधान करने को कहा गया. लंबे समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले, अपात्र एवं निष्क्रिय लाभुकों को चिह्नित कर जांच के बाद नियमानुसार राशन कार्ड से नाम हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
गोदामों के स्टॉक का होगा भौतिक सत्यापन
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की नियमित निगरानी करने को कहा गया. वहीं AMO एवं AGM को गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन कर संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर रिपोर्ट अद्यतन करने का निर्देश दिया गया. नमक एवं चीनी सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियों की डोर-स्टेप डिलीवरी (DSD) और निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभुकों के बीच वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया.
अनियमितता मिलने पर रिकवरी और प्राथमिकी
निलंबित एवं निलंबनमुक्त राशन डीलरों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित दुकानों के स्टॉक का सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्यान्न की रिकवरी, प्राथमिकी दर्ज करने एवं अन्य विभागीय कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया. खाद्यान्न उठाव एवं वितरण से संबंधित शिकायतों पर भी त्वरित जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
गोदामों की मरम्मती एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में गोदाम निर्माण एवं मरम्मती कार्यों की भी समीक्षा की गई. लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विशेष रूप से ईचागढ़ गोदाम की मरम्मती के लिए कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.

उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी प्रखंडों में संचालित योजनाओं एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल आनंद, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक, विभिन्न कार्य एजेंसियों के कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

