जामताड़ा: धनतेरस, दीपावली एवं कालीपूजा-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जामताड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पर्व-त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने जामताड़ा शहरी क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.


आभूषण दुकानदारों और व्यवसायियों से की मुलाकात
निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न आभूषण दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया. उन्होंने दुकानदारों एवं व्यवसायियों से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली. साथ ही बीट पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया.
अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती, टाइगर मोबाइल की बढ़ेगी गश्ती
एसपी ने बाजार क्षेत्रों में असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया. उन्होंने थाना स्तर से टाइगर मोबाइल और सीसीआर गश्ती दलों को सघन गश्ती करने तथा बाजारों में लगातार भ्रमणशील रहने को कहा. इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना है.
सीसीआर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की जांच की
बाजार निरीक्षण के बाद एसपी ने जिला नियंत्रण कक्ष (सीसीआर), जामताड़ा का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने धनतेरस, दीपावली एवं कालीपूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और वहां प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कैमरों के माध्यम से संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया.

सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने गश्ती दलों की सक्रियता की नियमित मॉनिटरिंग करने और आम जनता से प्राप्त होने वाली किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने महत्वपूर्ण सूचनाओं से वरीय पुलिस पदाधिकारियों को तुरंत अवगत कराने का भी निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
इस मौके पर एसडीपीओ वसीम रजा, पुलिस निरीक्षक सह जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान सहित जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

