सरायकेला/ Pramod Singh जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. झारखंड मुक्ति मोर्चा के व्यवसाय मोर्चा के जिला अध्यक्ष हरिहर लोहार ने गैस संकट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

उन्होंने कहा कि एक ओर आम जनता को घंटों लाइन में खड़ा रहने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर होटल और ढाबों में खुलेआम ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं. यह स्थिति आम लोगों के लिए बेहद कष्टदायक हो गई है.
लोहार ने आरोप लगाया कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की महिलाएं 5 से 6 घंटे तक लाइन में खड़ी रहती हैं, लेकिन फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल पाती. इससे लोगों में आक्रोश और निराशा लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि यह साफ तौर पर कालाबाजारी का मामला है, जिसमें कुछ लोगों की मिलीभगत से आम उपभोक्ताओं के हिस्से का गैस सिलेंडर होटल और ढाबों तक पहुंचाया जा रहा है. प्रशासन की निगरानी कमजोर होने के कारण ऐसे लोग अवैध कमाई कर रहे हैं.
लोहार ने मांग की कि प्रशासन इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करे और जहां-जहां भी कालाबाजारी हो रही है, वहां छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही गैस एजेंसियों के माध्यम से पारदर्शी तरीके से आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो झामुमो व्यवसाय मोर्चा आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगा.

