रांची: पुलिस को मेडिकल स्टूडेंट के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता मिली है. लालपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 66/26 के आरोपियों को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर गिरफ्तार किया है.

घटना 13 अप्रैल 2026 को पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सुश्री साक्षी जमुआर (IPS) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में हैं. त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने पीछा कर खड़गपुर रेलवे स्टेशन के पास से दो मुख्य आरोपी मो. दानिश और मो. फहद मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, इस मामले में शामिल महिला आरोपी ओली विश्वकर्मा को रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपियों में मो. दानिश (27 वर्ष), मो. फहद मल्लिक (27 वर्ष) और ओली विश्वकर्मा (26 वर्ष) शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि तीनों से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. इस मामले में एक अन्य आरोपी शादाब अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

