जामताड़ा/ Manish Baranwal रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति सचेत किया गया. अभियान के दौरान RPF इंस्पेक्टर और जवानों ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में जाकर लोगों को विभिन्न सुरक्षा नियमों की जानकारी दी.

अभियान के तहत यात्रियों को ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर यात्रा नहीं करने, पैदल पुल (फुटओवर ब्रिज) का उपयोग करने और रेलवे ट्रैक पार नहीं करने की सख्त सलाह दी गई. साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचने को कहा गया.
RPF टीम ने यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह से सावधान रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि अजनबियों से कोई भी खाने- पीने की वस्तु स्वीकार न करें. इसके अलावा संदिग्ध वस्तुओं को न छूने और तुरंत इसकी सूचना रेलवे प्रशासन को देने की अपील की गई.
महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलायी गई. महिला बोगियों में सुरक्षा बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत सूचना देने की जानकारी दी गई.
यह अभियान आसनसोल डिवीज़न के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें RPF के एसआई एस. दास गुप्ता, हेड कांस्टेबल टी. के. कायल सहित अन्य जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
अधिकारियों ने कहा कि भीड़-भाड़ के दौरान विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है और यात्रियों की जागरूकता से ही सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है.

