
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नागाडीह मैदान में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को समय रहते विफल कर दिया. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की है.


जानकारी के अनुसार, 21 जून की रात करीब 11:50 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग नागाडीह मैदान में इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैदान में छापेमारी की और दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी (46) और समरेश रविदास उर्फ मिथुन (34) के रूप में हुई है. मंगल टुडू सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के इच्छापुर उपर टोला का निवासी है, जबकि समरेश रविदास पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र के केरवाडुंगरी का रहने वाला है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद कर जब्त कर लिया. बरामद हथियार और अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस संबंध में बागबेड़ा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और उनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मंगल टुडू का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita






