चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ में शुक्रवार को धनतेरस का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर सोनुआ बाजार में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. त्योहारी माहौल के बीच बाजारों में दिनभर जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिली.


धनतेरस के शुभ अवसर पर परंपरागत खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा. झाड़ू, बर्तन, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की मूर्तियों की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई. लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर धनतेरस की परंपरा निभाई. दुकानदारों के चेहरे पर भी ग्राहकों की भीड़ से खुशी देखने को मिली.
वहीं, त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में उमड़ी भीड़ और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सोनुआ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. पुलिस के जवान लगातार बाजार क्षेत्र में गश्त करते रहे, ताकि खरीदारी के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना न हो. पुलिस की मुस्तैदी से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनी रही.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

