आदित्यपुर: धनतेरस को लेकर शुक्रवार को आदित्यपुर और गम्हरिया के बाजारों में खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा. दोपहर से शुरू हुई खरीदारी देर रात तक जारी रही. गम्हरिया लाल बिल्डिंग से लेकर पान दुकान और आदित्यपुर के प्रमुख बाजारों तक सड़कों एवं गलियों में लोगों की भीड़ नजर आई. ज्वेलरी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन और अन्य प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की आवाजाही से पूरा बाजार गुलजार रहा.


त्योहारी भीड़ के बीच इस बार आदित्यपुर पुलिस की सक्रियता भी प्रमुख रूप से नजर आई. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस दिनभर सड़कों पर सक्रिय रही. आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह स्वयं पूरी टीम के साथ बाजार में पैदल गश्त करते नजर आए. पुलिस टीम ने प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी.
ज्वेलरी दुकानों पर खास नजर, सड़कों पर लगातार पेट्रोलिंग
धनतेरस पर सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान की खरीदारी को देखते हुए ज्वेलरी दुकानों के आसपास पुलिस की विशेष सक्रियता रही. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिसकर्मी बाजार में लगातार भ्रमण करते रहे. बाइक पेट्रोलिंग और PCR वैन भी क्षेत्र में लगातार गश्त करती रही. पुलिस वाहनों के सायरन और जगह-जगह पुलिस की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था का असर बाजार में साफ दिखाई दिया.
ट्रैफिक मैनेजमेंट पर भी पुलिस का रहा फोकस
धनतेरस की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया. थाना रोड में बड़ी गाड़ियों के प्रवेश को रोक दिया गया. वहीं टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किए जाने से अत्यधिक दबाव के बावजूद बड़े जाम की स्थिति से बचने में मदद मिली.

गम्हरिया लाल बिल्डिंग से पान दुकान तक बड़ी संख्या में खरीदारों की मौजूदगी के बावजूद पुलिसकर्मी यातायात और बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे. प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की मौजूदगी रही.
SP के निर्देश का सड़कों पर दिखा असर
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने धनतेरस, दीपावली और आगामी छठ पर्व को देखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को बाजारों, ज्वेलरी दुकानों, प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पैदल गश्त, बाइक पेट्रोलिंग और PCR वैन के माध्यम से लगातार निगरानी की गई.

पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से बाजार पहुंचे लोगों और व्यवसायियों में भी सुरक्षा का भरोसा दिखाई दिया. कई स्थानीय लोगों ने त्योहारी भीड़ के बीच पुलिस की सक्रियता और पेट्रोलिंग की सराहना की. देर रात तक बाजार में खरीदारी जारी रही और इसके साथ पुलिस की गश्त भी चलती रही.


