सरायकेला: आदित्यपुर स्थित प्रधान कार्यालय में रविवार को कानु हलवाई समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अतुल गुप्ता ने की. बैठक में पूर्व अध्यक्ष शिवनारायण प्रसाद द्वारा तीन माह पूर्व दिए गए त्यागपत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया. इसके बाद नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

गहन विचार- विमर्श के बाद सर्वसम्मति से संतोष कुमार गुप्ता को कानु हलवाई समाज का नया अध्यक्ष चुना गया. इस मौके पर वरिष्ठ सदस्य भारत लाल गुप्ता ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया. वहीं कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण साव और सचिव सत्येंद्र प्रसाद ने फूलों की माला पहनाकर नव-निर्वाचित अध्यक्ष का अभिनंदन किया.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और समाज की एकजुटता एवं विकास के लिए कार्य करेंगे. बैठक में राजू गुप्ता, विजय कुमार साव, जमुना प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, रतनलाल गुप्ता, राजपाल गुप्ता, विकास प्रसाद, जितेंद्र गुप्ता, पवन कुमार प्रसाद, धीरज प्रसाद और शिवजी प्रसाद सहित समाज के कई सदस्य मौजूद रहे.

