सरायकेला/ Pramod Singh जिले में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा की सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जॉनी हाजरा ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

इस दौरान संगठन विस्तार और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में विशेष रूप से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया गया. साथ ही कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए जॉनी हाजरा ने कहा कि झामुमो एक जनआधारित पार्टी है, जिसकी असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव- गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सक्रिय रहने की अपील की.
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और एकजुट होकर काम करने से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं. बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा पार्टी के निर्देशों का पालन करने का संकल्प लिया.

