जमशेदपुर: साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में आयोजित “नानी बाई रो मायरो” धार्मिक कथा के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस तीन दिवसीय कथा का आयोजन नारायणी सेवा ट्रस्ट जमशेदपुर द्वारा किया गया है. कथा में विश्वविख्यात आध्यात्मिक प्रवक्ता जया किशोरी ने व्यास पीठ से अपने प्रवचन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.

उन्होंने अपने प्रवचन में भक्त नरसी मेहता के जीवन और उनकी अटूट भक्ति का वर्णन किया. बताया कि नरसी मेहता की सादगी, प्रेम और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण इस कथा का मूल सार है. जया किशोरी ने कहा कि सच्चे भक्त को चाहे कितनी भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े, अंततः भगवान की कृपा अवश्य प्राप्त होती है. उन्होंने नरसी मेहता और उनकी पुत्री नानी बाई के प्रसंग के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण की नि:स्वार्थ भक्ति और चमत्कारिक कृपा को विस्तार से बताया.
कथा की शुरुआत पारंपरिक रूप से गणेश वंदना, कलश स्थापना और नवग्रह पूजन के साथ हुई. पूजा- अर्चना अभिषेक तिवारी द्वारा संपन्न कराई गई.
यह धार्मिक आयोजन साकची स्थित चंदूलाल अशोक कुमार भालोटिया सभागार में 2 अप्रैल तक चलेगा. कथा के पहले दिन लगभग 6 हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. कार्यक्रम की सफलता में ट्रस्ट के अध्यक्ष राजकुमार चंदूका सहित कई सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.

