सरायकेला/ Rasbihari Mandal झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरायकेला- खरसावां जिला समिति का विस्तार कर दिया गया है. इस क्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा हरि लोहार को व्यवसायी मोर्चा का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

जिला अध्यक्ष बनाए जाने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने हरि लोहार को माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया. साथ ही लगातार बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर बधाइयां दे रहे हैं. इस अवसर पर हरि लोहार ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसपर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में जुटे रहेंगे और व्यवसायी वर्ग की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे. हरि लोहार की नियुक्ति से स्थानीय संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.

