सरायकेला: जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को नीमडीह थाना क्षेत्र में अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी डिलशन बिरुआ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया.



अभियान के दौरान लगभग 500 सीएफटी अवैध पत्थर (गिट्टी) लदा एक हाइवा जब्त किया गया. प्रारंभिक जांच में वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नीमडीह थाना को सुपुर्द कर दिया गया.

उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमावली एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों को दें, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.





