सरायकेला: कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने बुधवार को राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्था, जनसेवा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की. इस दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.



निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अभिलेख संधारण, कार्यालयीन व्यवस्था, जनसेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने लंबित मामलों एवं योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजनों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी वैध कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी आवेदनों एवं मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया.

प्रमंडलीय आयुक्त ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त जन शिकायतों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश दिए. उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग, प्रकरणवार समीक्षा तथा अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा.
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थानीय भाषा एवं स्थानीय माध्यमों से व्यापक प्रचार- प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ उठा सकें. साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान को और सुदृढ़ करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया.
बैठक में एसआईआर- 2026 के तहत 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने, आंकड़ों एवं अभिलेखों का सूक्ष्म सत्यापन करने तथा ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के अंत में प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया.





