सरायकेला: पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गम्हरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने आर्का जैन कॉलेज के रास्ते से कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद की गई है. बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित क़ीमत दो लाख के आसपास आंकी गई है.



पुलिस के अनुसार, गम्हरिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो युवक क्षेत्र में ब्राउन शुगर लेकर जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी शुरू की. इसी दौरान पुलिस अवर निरीक्षक अभय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आर्का जैन कॉलेज के रास्ते बाइक से तेज गति से गुजर रहे दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया.
पुलिस द्वारा दोनों युवकों को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. कलीम खान, निवासी जीवनपुर, के रूप में हुई, जिसके पास से 9 ग्राम ब्राउन शुगर, जबकि प्रदीप महतो, निवासी कोलाबिरा, के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर उन्हें कहां से मिली थी और इसके पीछे किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं. साथ ही पुलिस दोनों युवकों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.





