सरायकेला: नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सरायकेला- खरसावां पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिलने की चर्चा है. सूत्रों के अनुसार, हाल में गिरफ्तार पांच लाख रुपये के इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार से कथित संबंध रखने वाली महिला नक्सली अनिता तामसोय ने सरायकेला पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है.



हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि महिला से पूछताछ की जा रही है और उसके रवि सिंह सरदार से संबंधों के प्रमाण जुटाए जा रहे हैं. उधर कुचाई और दलमा क्षेत्र से हथियार बरामद होने की जानकारी भी मिल रही है.
सूत्रों के मुताबिक, रवि सिंह सरदार से पूछताछ के दौरान अनिता तामसोय के सक्रिय होने की जानकारी पुलिस को मिली थी. इसके बाद रवि सिंह सरदार द्वारा कथित रूप से अनिता के नाम प्रेम पत्र लिखकर आत्मसमर्पण करने की अपील किए जाने की बात भी सामने आ रही है. इसी के बाद उसके आत्मसमर्पण करने की चर्चा है.
गौरतलब है कि पिछले दिनों सरायकेला पुलिस, सीआरपीएफ और जगुआर की संयुक्त कार्रवाई में 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मदन महतो, पांच लाख का ईनामी रवि सिंह सरदार, उसकी पत्नी और दो लाख की इनामी मीना पहाड़िया को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल अनिता के आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. संभावना है कि मंगलवार को कोल्हान डीआईजी पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं.





