सरायकेला: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मंगलवार को सामुदायिक भवन परिसर स्थित ईवीएम- वीवीपैट वेयरहाउस का त्रिमासिक निरीक्षण किया. इस दौरान पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

निरीक्षण के क्रम में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन यंत्र सहित सभी आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की कार्यस्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया.
उपायुक्त ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा बलों को सतर्कता और संयम के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए. साथ ही संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी तंत्रों की नियमित जांच, सतत निगरानी और समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया. निरीक्षण के दौरान उपनिर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र उरांव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

