सरायकेला/ Pramod Singh सीनी ओपी क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे स्थित तालाब से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा- गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह करीब चार से पांच दिन पुराना हो सकता है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. इस संबंध में ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह सड़- गल चुका है, जिसके कारण उसकी पहचान फिलहाल संभव नहीं हो पाई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है. साथ ही पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है.
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिए सूचना भेज रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

