जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. साइबर थाना पुलिस ने घर बैठकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

एसपी राजकुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी की गई. बिंदापाथर थाना क्षेत्र के पगला मोड़ के पास से राहुल गोराई और नयन मंडल को गिरफ्तार किया गया. वहीं दूसरी कार्रवाई में नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव से जगदीश मंडल को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1 लाख 2 हजार 400 रुपये नकद बरामद हुए.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, एक एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. जांच में सामने आया कि आरोपी एलपीजी गैस लिंक भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे और उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे. पुलिस के अनुसार जगदीश मंडल का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह 2023 में भी साइबर ठगी मामले में जेल जा चुका है.
सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

