
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शुक्रवार को सरायकेला साप्ताहिक हाट- बाजार में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार में घूम- घूमकर लोगों को नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सतर्क रहने का संदेश दिया.


अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और दुकानदारों से सीधा संवाद किया. लोगों को बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है. युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य पर ध्यान देने की अपील की गई.
पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया. दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और सभी से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया. अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
अभियान के दौरान बच्चा चोरी जैसी अफवाहों को लेकर भी लोगों को सचेत किया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें. किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस से करें और अफवाह फैलाने वालों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं, बल्कि अपराध और सामाजिक बुराइयों को रोकने की भी जिम्मेदारी निभाती है. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित, जागरूक और अफवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में ऐसे जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हाट-बाजार जैसे सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने और पुलिस- जनता के बीच विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


