
सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शुक्रवार को सीनी ओपी क्षेत्र के मुरूप पंचायत स्थित धातकीडीह विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को कानून, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, नशामुक्ति, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई.


कार्यक्रम के दौरान ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने डायन प्रथा प्रतिषेध कानून, महिला उत्पीड़न, पॉक्सो कानून, बाल विवाह निषेध कानून तथा महिला एवं बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है और किसी भी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है.
बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया. पुलिस ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की. बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए तथा साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई.
पुलिस अधिकारियों ने बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि पुलिस से अवश्य करें. सड़क सुरक्षा पर भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण की जानकारी दी गई.
ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि आज के बच्चों को केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं, बल्कि कानून, अधिकार और सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ भी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही भविष्य में सुरक्षित, जिम्मेदार और सशक्त समाज का निर्माण करेंगे.
विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं. पुलिस ने भी भविष्य में इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने की बात कही.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


