सरायकेला: जिले के सरकारी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था को लेकर जिला परिषद ने सख्त रुख अपनाया है. जिला परिषद सभागार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक स्थायी समिति की अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं तक की समीक्षा की गई.


स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, विद्यालय भवनों की स्थिति, शौचालय, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों के स्थानांतरण से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई.
मधुश्री महतो ने अधिकारियों से विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो और उन्हें सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए विद्यालय स्तर पर व्यवस्था दुरुस्त रखना जरूरी है.
अस्पतालों में डॉक्टर-कर्मियों की मौजूदगी और दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले एवं प्रखंड स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप-स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति पर चर्चा हुई. स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए. स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखी जाए.
सर्पदंश पर विशेष चर्चा, PHC में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध होने की जानकारी
वर्षा ऋतु में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए बैठक में इस मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई. मधुश्री महतो ने बताया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सर्प विषरोधी दवा (Anti-Snake Venom) उपलब्ध है. उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें. पीड़ित को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं.
कुकड़ू में नए PHC के निर्माण का रास्ता साफ
कुकड़ू प्रखंड में 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. भवन निर्माण की स्वीकृति के बाद 1 अगस्त 2025 को जिला परिषद द्वारा संविदा प्रक्रिया पूरी की गई थी. इसके बाद 1.96 एकड़ भूमि की उपलब्धता, निविदा और संवेदक चयन की प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी किया गया है. बैठक में विचार- विमर्श के बाद शिलान्यास किए गए स्थल पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.
बैठक में स्थायी समिति की सदस्य झिंगी हेंब्रम, मालती देवगम, सुभाषिनी सिंह मुंडा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, डॉ. अनिर्बान महतो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

