सरायकेला: समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में सड़क, सफाई, सरकारी जमीन, श्रम, आपूर्ति और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के समक्ष पहुंचीं. जिले के अलग-अलग प्रखंड, अंचल और नगर निकाय क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे.


राजनगर प्रखंड की जुम्बनी पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम धनुडीह के निचले टोला पोलांगल के ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग रखी. वहीं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र से पहुंचे आवेदनों में कई दिनों से कचरा उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और फॉगिंग नहीं होने का मुद्दा उठाया गया. लोगों ने इन सेवाओं को नियमित रूप से शुरू कराने की मांग की.
मझधार पुल के गड्ढे और आदित्यपुर की खराब सड़कों की शिकायत
जनता दरबार में सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के मझधार पुल के ऊपर बने गड्ढे की मरम्मत का मामला भी सामने आया. आवेदकों ने इसे दुरुस्त कराने की मांग की.
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की खराब सड़कों की मरम्मत को लेकर भी आवेदन दिया गया. वहीं चांडिल प्रखंड के डोबो क्षेत्र में सरकारी गैरमजरूआ भूमि को अवरोध मुक्त कराने का मामला उपायुक्त के समक्ष रखा गया. इसके अलावा श्रम विभाग, आपूर्ति विभाग और जमीन से संबंधित विभिन्न मामलों को लेकर भी लोगों ने आवेदन सौंपे.
जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार, पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और पात्र लाभुकों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने को कहा. साथ ही जनता दरबार में मिले आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

