बोकारो: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत कथारा के गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को CBI की एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के आरोप में दो क्लर्कों को गिरफ्तार किया. CBI के मुताबिक दोनों को एक सेवानिवृत्त कर्मी से 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया.


गिरफ्तार कर्मियों की पहचान CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में बताई गई है.
मामला गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग से करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए जनता नगर निवासी रसूल जमा के लंबित CMPF और पेंशन भुगतान से जुड़ा है. आरोप है कि सेवानिवृत्ति के बाद उनका भुगतान लंबित था और उसे क्लियर कराने के एवज में दोनों क्लर्कों ने रिश्वत की मांग की.
शिकायत के बाद CBI ने बिछाया जाल
रिश्वत मांगे जाने से परेशान रसूल जमा ने धनबाद CBI से शिकायत की. प्रारंभिक सत्यापन के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई. शुक्रवार दोपहर इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में CBI की टीम गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची. तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता रकम लेकर कार्यालय पहुंचा. आरोप है कि जैसे ही 18 हजार रुपये दिए गए, पहले से मौजूद CBI अधिकारियों ने दोनों क्लर्कों को पकड़ लिया.
अचानक हुई कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में हड़कंप मच गया. CBI दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. CBI की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद रिश्वत की कथित मांग, भुगतान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

