सरायकेला: शहर में शनिवार देर रात असामाजिक तत्वों ने एक होटल में आग लगाकर सनसनी फैला दी. सदर अस्पताल के ठीक सामने स्थित राजेश होटल में लगी आग से करीब 60 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. हालांकि, गनीमत रही कि उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रही सरायकेला थाना पुलिस की नजर आग पर पड़ गई. पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद आग पर समय रहते काबू पा लिया गया. इससे आसपास की दुकानों और भवनों तक आग फैलने से पहले ही बड़ा हादसा टल गया.



जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि होटल से अचानक धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं. उसी दौरान सरायकेला थाना की पेट्रोलिंग टीम इलाके से गुजर रही थी. पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय होटल और उसके आसपास कुछ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है. देर रात तक अड्डेबाजी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियां होती रहती हैं. लोगों ने आशंका जताई है कि आग लगाने की घटना के पीछे भी इन्हीं असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है. घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत और नाराजगी का माहौल है.
होटल संचालक राजेश कुमार ने बताया कि आग लगने से होटल में रखा राशन, बर्तन, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. उन्होंने बताया कि इस घटना में करीब 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि देर रात अड्डेबाजी की शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी है.
इधर, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि शहर में अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने घटना के बाद इलाके में गश्त बढ़ा दी है. वहीं स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल के आसपास नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा.
होटल संचालक राजेश कुमार
संपादक: प्रमोद सिंह





