सरायकेला: खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में घर की मरम्मत को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आरोप है कि पड़ोसी युवक ने 69 वर्षीय बुजुर्ग पर लाठी-डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल बुजुर्ग का पहले सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज कराया गया. बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया.



घायल की पहचान पदमपुर निवासी जगदीश प्रसाद केसरी (69 वर्ष) के रूप में हुई है. उनके भतीजे राजीव कुमार केसरी ने बताया कि मकान की मरम्मत का कार्य चल रहा था. इसी दौरान पड़ोसी संदीप कुमार केसरी ने काम रोकने को कहा. विवाद बढ़ने से बचने के लिए उस स्थान पर काम बंद कर दूसरे हिस्से में मरम्मत शुरू कर दी गई. आरोप है कि कुछ देर बाद संदीप कुमार केसरी डंडा लेकर पहुंचा और जगदीश प्रसाद केसरी पर हमला कर दिया. हमले में उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल ले गए. दो दिनों तक सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज के बाद चिकित्सकों ने सीटी स्कैन और एमआरआई जांच के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद चोटों की वास्तविक गंभीरता स्पष्ट होगी.
पीड़ित पक्ष ने खरसावां थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने में भी टालमटोल का आरोप लगाया है. राजीव कुमार केसरी का कहना है कि थाना में पदस्थ एएसआई राय ने घर से लिखकर लाया गया आवेदन लेने से इनकार कर दिया. पहले पांच गवाहों के नाम और आधार कार्ड मांगे गए. इसके बाद दो स्वतंत्र गवाहों की मांग की गई. साथ ही बार-बार कोर्ट-कचहरी और वकील की बात कहकर उन्हें परेशान किया गया.
राजीव कुमार केसरी ने बताया कि बाद में उन्होंने थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह से मुलाकात की. थाना प्रभारी ने तत्काल आवेदन स्वीकार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने का निर्देश दिया. पीड़ित परिवार ने थाना प्रभारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए एएसआई के व्यवहार की जांच की मांग की है.
खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. चिकित्सीय रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर आरोपी के खिलाफ और गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी. साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

Exploring world




