खरसावां: थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी, बैंक की चेकबुक, आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है. मामले की जानकारी सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी.


पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू ने बताया कि खरसावां थाना कांड संख्या-33/2026, दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 305(क), 331(1) एवं 331(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था.
उन्होंने बताया कि कदमडीहा (बड़ा खेती) निवासी मो. इरसाद (55 वर्ष), पिता स्व. मो. इस्माइल ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सात हजार रुपये नकद तथा महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली थी.
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक राम कुँवर सोरेन, सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद सिंह, आरक्षी सनातन महतो तथा हवलदार अर्जुन कुमार शामिल थे.
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त कदमडीहा निवासी एहसान हुसैन (21 वर्ष) तथा रहमत अली (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई सात हजार रुपये नकद, बैंक ऑफ इंडिया की चेकबुक तथा मो. इरसाद का आधार कार्ड बरामद किया. इसके अलावा आरोपी रहमत अली के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.
दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
प्रेस वार्ता में पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू ने कहा कि खरसावां थाना पुलिस ने इस चोरी की घटना को चुनौती के रूप में लिया था. थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की. इसके परिणामस्वरूप 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली गई.
उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
प्रमोद सिंह (संपादक)

