सरायकेला: झारखंड में सरकारी नियुक्तियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने बुधवार को सरायकेला में राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला. भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान के नेतृत्व में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू विशेष रूप से शामिल हुए.


भाजपा कार्यकर्ताओं ने JSSC और JPSC से जुड़ी कथित भर्ती अनियमितताओं की CBI जांच कराने, आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और सरकारी नियुक्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की. कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘नौकरी हमारा अधिकार’, ‘भर्ती में गड़बड़ी की जांच करो’ और ‘छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लो’ जैसे नारे लगाए.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नौकरी मांगना कोई अपराध नहीं है. राज्य के लाखों युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और उनके परिवार अपनी क्षमता से अधिक खर्च कर उन्हें पढ़ाते हैं. ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद सरकार की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाए.
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों पर मुकदमे दर्ज करने के बजाय सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए. भाजपा कथित भर्ती घोटाले की CBI जांच की मांग कर रही है, ताकि आरोपों की वास्तविकता सामने आए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो.
जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान ने कहा कि सरकारी नौकरी की तैयारी में वर्षों लगाने वाले युवाओं के सामने यदि नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर ही सवाल खड़े हो जाएं तो यह उनके भविष्य के साथ पूरी व्यवस्था में विश्वास का भी प्रश्न बन जाता है. उन्होंने आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान युवाओं से रोजगार के वादे किए गए, लेकिन अब रोजगार और निष्पक्ष नियुक्ति की मांग करने वाले युवाओं को आंदोलन करना पड़ रहा है. पार्टी ने चेतावनी दी कि भर्ती में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और छात्रों से जुड़े मामलों पर ठोस निर्णय होने तक वह इस मुद्दे को उठाती रहेगी.
धरना-प्रदर्शन में उदय सिंह देव, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, मनोज मिश्रा समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

