जमशेदपुर: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान जमशेदपुर में मतदाता सूची से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान तीन ऐसे व्यक्तियों की पहचान हुई है, जिनके पासपोर्ट की जांच में उनके अफगानिस्तान का नागरिक होने की बात सामने आई. इसके बावजूद तीनों के नाम मतदाता सूची में दर्ज थे.


जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों में विसंगति मिलने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया गया. आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद उनके पासपोर्ट की जांच की गई. इसमें तीनों के अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि होने की बात कही गई है.
बताया गया कि तीनों के नाम मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे. इतना ही नहीं, तीनों ने मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची तक पहुंच गए थे. दस्तावेजों की गहन जांच के दौरान उनकी नागरिकता का मामला पकड़ में आया.
मतदाता सूची में आखिर कैसे जुड़े नाम, अब इस सवाल की होगी जांच
मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद तीनों के नाम भारतीय मतदाता सूची में किस आधार पर और किन दस्तावेजों के सहारे शामिल हुए. क्या नाम जोड़ने के दौरान दस्तावेजों की पर्याप्त जांच नहीं हुई या इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका थी, अब इसकी जांच महत्वपूर्ण हो गई है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, तीनों की पहचान होने के बाद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं. मामले की विस्तृत जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जमशेदपुर के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए जाने की बात कही गई है.
निर्वाचन विभाग के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि तीनों के नाम पहली बार मतदाता सूची में कब और कैसे दर्ज हुए. साथ ही उन्हें मतदाता बनाने में इस्तेमाल दस्तावेजों की वैधता और संभावित मददगारों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है.
SIR के दौरान सामने आया यह मामला मतदाता सूची के सत्यापन की गंभीरता को भी रेखांकित करता है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि जांच में केवल इन तीन नामों तक मामला सीमित रहता है या मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम शामिल होने से जुड़ी कोई और कड़ी भी सामने आती है.

