सरायकेला: वरिष्ठ अधिवक्ता मनोरंजन महापात्र का सोमवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया. सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद वे कई दिनों से जीवन के लिए संघर्ष कर रहे थे. उनके निधन की खबर से सरायकेला सहित पूरे कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.


जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में मनोरंजन महापात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले जमशेदपुर के टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था.
हालत में सुधार नहीं होने पर सोमवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया. परिजन और शुभचिंतक उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन देर रात लगभग 12 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
मनोरंजन महापात्र के निधन की सूचना मिलते ही सरायकेला बार एसोसिएशन समेत अधिवक्ता समुदाय में शोक का माहौल छा गया. साथी अधिवक्ताओं ने इसे कानूनी जगत की अपूरणीय क्षति बताया है.
सहकर्मियों के अनुसार मनोरंजन महापात्र अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और पेशे के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे. उन्होंने लंबे समय तक न्यायालय में अपनी सेवाएं दीं और अनेक लोगों को कानूनी सहायता प्रदान की. उनके व्यवहार और कार्यशैली के कारण उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था.
निधन की खबर मिलते ही उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है.
मनोरंजन महापात्र का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि सरायकेला के कानूनी और सामाजिक क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी क्षति माना जा रहा है. उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

