जामताड़ा: थाना क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.


जानकारी के अनुसार, दुलाडीह गांव के रहने वाले तीन युवक महिला को बहला- फुसलाकर काशीडीह स्थित पलास जंगल के समीप ले गए. आरोप है कि वहां तीनों ने बारी- बारी से महिला के साथ दुष्कर्म किया. घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर आरोपियों पर पड़ गई. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जामताड़ा थाना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले आई. बाद में पीड़िता के बयान के आधार पर जामताड़ा थाना में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुलाडीह गांव निवासी नरेश महतो, निवास महतो और बिलु महतो के रूप में हुई है. इस संबंध में जामताड़ा थाना कांड संख्या 77/2026 दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा. मामले की जांच जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है, जिसका कथित रूप से आरोपियों ने फायदा उठाया. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.

