जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव में छापेमारी कर तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई.


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र कुमार मंडल, टिंकु कुमार मंडल और विकास कुमार मंडल के रूप में हुई है. तीनों करमाटांड़ थाना क्षेत्र के धरूवाडीह गांव के निवासी हैं. पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं.
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे. इसके अलावा गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों से संपर्क करते थे और APK फाइल डाउनलोड करवाकर बैंकिंग व कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल पहले भी साइबर अपराध के मामले में आरोप पत्रित रह चुका है. इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
एसपी शम्भू कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 में जनवरी से अब तक जामताड़ा पुलिस 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

