चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा हरि मंदिर के समीप शनिवार रात ग्रामीणों ने मवेशियों से भरी एक मालवाहक गाड़ी पकड़ ली. बताया जा रहा है कि वाहन में बड़ी संख्या में गायों को ठूंस- ठूंस कर भरा गया था, जिनमें कई की हालत गंभीर और कमजोर थी.

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे स्थानीय लोगों को एक सफेद रंग की टाटा एलपीटी मालवाहक गाड़ी पर संदेह हुआ. ग्रामीणों ने वाहन को रोककर जांच की तो अंदर बड़ी संख्या में गायें भरी हुई मिलीं. वाहन का नंबर JH05CN 9716 बताया जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई गायें भूखी-प्यासी और बदहवास हालत में थीं. पशुओं की खराब स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें वाहन से नीचे उतारा और पानी पिलाकर राहत पहुंचाई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए.
सूचना मिलने पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मालवाहक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था.
सूत्रों के अनुसार वाहन चालक को हिरासत में लेकर कपाली ओपी में पूछताछ की जा रही है. वहीं पुलिस पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है.
Report By Afroz Mallik



