चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड अंतर्गत मंझारी नहर से मुलियाबासा तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य दो साल बाद भी शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. सड़क निर्माण की मांग को लेकर सान रूंजू गांव में शनिवार को जिला परिषद सदस्य माधव चन्द्र कुंकल की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई.

ग्रामीणों ने बताया कि 11 मार्च 2024 को विधायक निरल पूर्ति द्वारा सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि बरसात और बीमारी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गांव तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण मरीजों को खटिया पर उठाकर आधे रास्ते तक ले जाना पड़ता है. ग्रामीणों ने इसे जनजीवन से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की.
जिला परिषद सदस्य माधव चन्द्र कुंकल ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय से मात्र तीन किलोमीटर दूरी पर स्थित सड़क का अब तक निर्माण नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2024 से पहले कई सड़कों का शिलान्यास किया गया था, लेकिन चुनाव के दो साल बाद भी कई योजनाएं कागजों तक सीमित हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक सड़क निर्माण स्थल पर एक डेला गिट्टी तक नहीं गिराया गया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन और आरईओ विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आगामी 20 मई 2026 को आरईओ विभाग का घेराव करने का निर्णय लिया.
बैठक में चांदु बिरुवा, सुंदर कुँकल, सुंदर गोप, ललित सुंडी, नेहरू लाल, छोटा बिरुवा, गुरुचरण बिरुवा, सरिता कुई, बसंती कुई, लंबो कुई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
Report By Jayant Pramanik



