सरायकेला: जिले में किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आया. उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को जिलेभर में खाद दुकानों के खिलाफ व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया. इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न खाद दुकानों पर पहुंचकर उर्वरक स्टॉक, बिक्री अभिलेख और भंडारण व्यवस्था की गहन जांच की.

अभियान के तहत अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों ने अपने- अपने क्षेत्रों में संचालित खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद के स्टॉक, स्टॉक पंजी, विक्रय पंजी, दर सूची, भंडारण व्यवस्था एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए. साथ ही स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जिला प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि खाद खरीदते समय रसीद अवश्य लें और कहीं भी अधिक कीमत वसूले जाने या अनियमितता की शिकायत मिलने पर तुरंत प्रखंड या जिला प्रशासन को सूचना दें. प्रशासन ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और जिले में खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी.
Report By Pramod Singh



