सरायकेला: करीब 23 वर्षों से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को आखिरकार आमदा ओपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जीआर संख्या 283/2003 के स्थायी वारंटी करम लोहार (47 वर्ष), पिता स्व. लाल लोहार, मूल निवासी हिन्दुसाई (आमदा) को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिव नारायणपुर स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया.



गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी की गिरफ्तारी को आमदा ओपी पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.
आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. न्यायालय से निर्गत लंबित वारंटों का निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी फरार आरोपी अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
प्रमोद सिंह (संपादक)





