आदित्यपुर: सामाजिक संस्था प्रवीण सेवा संस्थान की ओर से आयोजित छठे रक्तदान शिविर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन शामिल हुए. उन्होंने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया.


इस अवसर पर प्रो. कालीपद सोरेन ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रवीण सेवा संस्थान जैसे संगठनों के निरंतर प्रयासों के कारण जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो पाती है. उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. किसी गंभीर मरीज के लिए समय पर मिला रक्त नया जीवन देने का कार्य करता है. ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है.

उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर तभी सफल माना जाएगा, जब अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरित होकर नियमित रक्तदाता बनें. उन्होंने रक्तदाताओं को समाज का वास्तविक नायक बताते हुए कहा कि उनके इस निस्वार्थ योगदान से अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है.
स्वर्गीय प्रवीण सिंह को याद करते हुए प्रो. सोरेन ने कहा कि उन्होंने समाज सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया था. उनके विचार, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रवीण सिंह के आदर्शों को अपनाते हुए समाज और मानवता की सेवा के लिए आगे आएं.
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रक्तदाताओं का सम्मान किया तथा संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के कार्यों को निरंतर जारी रखने की शुभकामनाएं दीं.

