Saraikela Rajnagar CHC Case सरायकेला: राजनगर सीएचसी प्रकरण मामले में प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख, सांसद संग डीसी पहुंचे मृतका के गांव, सौंपा चार लाख का चेक, बोले डीसी दोषी बख्शे नहीं जायेंगे
इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत अंतर्गत हाथीसेरंग गांव में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. बुधवार को सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह समेत जिला प्रशासन की टीम पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंची.
इस दौरान अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. प्रशासन ने बताया कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को पहले ही 20 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि और 4 लाख रुपये का मुआवजा चेक दिया जा चुका है. मौके पर अधिकारियों ने इसकी पुष्टि भी की.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
सांसद जोबा माझी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. प्रशासनिक टीम ने मौके पर स्वास्थ्य व्यवस्था का भी जायजा लिया और प्रसव के दौरान हुई कथित लापरवाही के पहलुओं पर विस्तृत जानकारी जुटाई.
अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.